कालपी (जालौन)। सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर वारदाना (बोरियों) की कमी से आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए पूर्ति विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभागीय टीम ने क्षेत्र के कोटेदारों से 5832 खाली बोरियां एकत्रित कर हाउस गोदाम में जमा कर दी हैं, जिससे अब गेहूं खरीद कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
पूर्ति निरीक्षक उज्ज्वल मिश्रा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लगातार कोटेदारों से खाली बोरियां जुटाई जा रही हैं। इन बोरियों का उपयोग सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं को भरने में किया जाएगा। बताया गया कि वारदाना समय से उपलब्ध न होने के कारण लेवी गेहूं खरीद प्रभावित हो रही थी। जिला प्रशासन के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने कोटेदारों की दुकानों से पूर्व में प्राप्त खाद्यान्न की खाली बोरियां एकत्रित करने की प्रक्रिया शुरू की है, जिससे समस्या का समाधान किया जा सके। तहसील क्षेत्र में संचालित 176 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में से 154 कोटेदारों ने सहयोग करते हुए मार्च माह की 5832 खाली बोरियां जमा कराई हैं। विभाग ने अप्रैल माह के लिए 16748 बोरियां एकत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी चल रही है।अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से गेहूं खरीद व्यवस्था सुचारु होगी और किसानों को अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
फोटो परिचय-कोटेदारों के पास खाली राशन की बोरियां बरामद
Post a Comment