(कैफ रजा)
कालपी (जालौन)। नगर क्षेत्र में इन दिनों घरेलू रसोई गैस की किल्लत ने आमजन की परेशानियां बढ़ा दी हैं। गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। घंटों इंतजार के बावजूद अनेक उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
बुधवार को गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं अनवार मंसूरी, आसिफ, आसमा, मलखान आदि ने बताया कि को एजेंसी कर्मचारियों ने नई बुकिंग करने से मना कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि फिलहाल केवल पूर्व में बुकिंग करा चुके उपभोक्ताओं को ही गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। वहीं पुरानी बुकिंग करा चुके लोगों का आरोप है कि वे पिछले दो दिनों से लगातार लाइन में लग रहे हैं, लेकिन 6 से 7 घंटे तक इंतजार करने के बाद भी उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते उन्हें मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। गैस की कमी को लेकर एजेंसी परिसर में उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारियों द्वारा अपने परिचितों और रिश्तेदारों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि अन्य उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
नगर में लगातार दो दिनों से बनी इस अव्यवस्थित स्थिति के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गैस आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सुचारु कर पारदर्शी वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
फोटो परिचय- गैस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़
Post a Comment