सीएचसी कालपी का अपर निदेशक ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों को बेहतर इलाज के दिए निर्देश

(कैफ रजा) 
कालपी (जालौन)। झांसी मंडल की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की अपर निदेशक डॉ. सुमन ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।अपर निदेशक ने सबसे पहले ओपीडी कक्ष और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया।

 उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और खान-पान की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को बिना देरी के उचित इलाज मिले, खासकर बदलते मौसम में बढ़ने वाली बीमारियों को देखते हुए। इसके बाद उन्होंने प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और कहा कि सभी जांचें सीएचसी परिसर में ही हों, जिससे मरीजों को परेशान न होना पड़े।
डॉ. सुमन ने दवा भंडारण कक्ष और वैक्सीन की व्यवस्था का अभिलेखों से मिलान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सर्दी-खांसी और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों की दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हमेशा बना रहे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही।निरीक्षण के समय चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश गुप्ता सहित डॉ. रूबी सिंह, डॉ. शेख शहरयार, डॉ. अशोक कुमार और डॉ. आदर्श गौतम समेत कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। अपर निदेशक ने सभी को सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए।
फोटो परिचय- निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेती अपर निदेशक

Post a Comment

Previous Post Next Post