गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की डीएम ने


उरई(जालौन)। जनपद में गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जलापूर्ति, बिजली, वाटर कूलर, हैंडपंप, ट्यूबवेल और नहर संचालन सहित बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे वाटर कूलरों की नियमित जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कूलर क्रियाशील रहें, जिससे आम नागरिकों को ठंडा और साफ पानी मिल सके। किसी भी कूलर के खराब पाए जाने पर उसे तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनपद का कोई भी ट्यूबवेल खराब हालत में नहीं रहना चाहिए। सभी खराब ट्यूबवेलों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराकर चालू किया जाए ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति सुचारु रहे।बिजली व्यवस्था पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपूर्ति किसी भी सूरत में बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर खुले में न रखे जाएं और उनकी सुरक्षा एवं नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। वहीं, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर स्थायी समाधान तक टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल योजनाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पानी, बिजली, सफाई और हैंडपंपों के नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश दिया।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद मौर्य, अधीक्षण अभियंता, जिला पंचायत राज अधिकारी अयोध्या प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय-बैठक करते जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय

Post a Comment

Previous Post Next Post