पीस कमेटी की बैठक में त्योहार सौहार्दपूर्वक मनाने का आह्वान

(कैफ रजा)
कालपी(जालौन)। आगामी अलविदा जुमा, ईद-उल-फितर तथा रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह एवं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

  बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था एवं नगर की साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि कालपी नगर में विभिन्न समुदायों द्वारा आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है, जिसे आगे भी बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि रमजान माह के अंतिम शुक्रवार (अलविदा जुमा) की नमाज 13 मार्च को नगर की विभिन्न मस्जिदों में निर्धारित समयानुसार अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि ईद-उल-फितर का पर्व 21 मार्च को मनाया जाता है तो उससे पूर्व जुमे की नमाज को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा त्योहारों को आपसी सद्भाव के साथ मनाएं।
क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि पर्वों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं नगर पालिका ईओ अवनीश कुमार शुक्ला ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए नगर में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इस मौके पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कमर अहमद, अतिरिक्त निरीक्षक अवनीश कुमार, एसएसआई उदय प्रताप सिंह, सलीम अंसारी, अमित यादव, राकेश पुरवार, डॉ. सुरेश प्रजापति, मौलाना जियाउद्दीन बरकाती, हाफिज दावर रज़ा, राम प्रकाश पुरवार, अमीर हसन, मुश्ताक अहमद सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
फोटो परिचय- पीस कमेटी की बैठक में मौजूद अधिकारी व नगर के नागरिक

Post a Comment

Previous Post Next Post