जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण


-आपात सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश’ 
उरई(जालौन)। होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, ट्रॉमा यूनिट, सामान्य वार्ड एवं अन्य चिकित्सा कक्षों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान इमरजेंसी सेवाएं पूर्ण रूप से सक्रिय रहें। विशेष रूप से सड़क दुर्घटना एवं अन्य आकस्मिक मामलों (एक्सीडेंट केस) को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित रूप से हैंडल किया जाए तथा उपचार में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, रक्त की पर्याप्त व्यवस्था, चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता एवं ड्यूटी रोस्टर की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि होली जैसे प्रमुख पर्व पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहे, जिससे आमजन को तत्काल और प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर प्रशांत निरंजन मौजूद रहे।
फोटो परिचय- मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण में निर्देश देते डीएम

Post a Comment

Previous Post Next Post