होली व भैया दूज पर सतर्क प्रशासन, नगर में निकला पैदल मार्च

 कालपी(जालौन)। आगामी होली और भैया दूज पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कालपी नगर में प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आया। एसडीएम मनोज कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 पैदल मार्च के दौरान पुलिस टीम फुल पावर चौराहा, बाईपास, जुलैहटी मार्केट, हाईवे सर्विस लेन, मुख्य बाजार टरनंनगंज, सराफा बाजार, खोवा मंडी और मूंगफली मंडी सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पहुंची। अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा त्योहारों के दौरान सतर्क रहने की अपील की।
इस मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय वृम्ह तिवारी, एडीशनल इंस्पेक्टर अवनीश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, टरनंनगंज चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र, रामगंज चौकी प्रभारी विशाल भड़ाना, महमूदपुरा चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। महिला सिपाहियों की भी तैनाती की गई थी।
फुट मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और बाजारों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस की सक्रियता से नगरवासियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ। प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
फोटो परिचय- फुट मार्च करते सीओ

Post a Comment

Previous Post Next Post