पूजन मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ होलिका दहन


 (स्नेहलता रायपुरिया)
जालौन)। नगर पंचायत रामपुरा में होलिका दहन का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। होली मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में सायंकाल शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत होलिका पूजन एवं दहन किया गया।
विद्वान कर्मकांडी पंडित कार्तिकेय ने भगवान विष्णु के निमित्त हवन-पूजन कर समस्त नगरवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंत्रों की पवित्र ध्वनि और श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने होलिका की परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। परंपरा के अनुसार कई श्रद्धालु होलिका दहन स्थल से अग्नि अपने घर ले गए और वहां भी शुभ अग्नि प्रज्वलित की।
इस अवसर पर नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु  पुलिस अधीक्षक डॉदुर्गेश कुमार के निर्देश अनुसार रामपुरा थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, टाउन इंचार्ज उपनिरीक्षक जगदीश द्विवेदी सहित भारी संख्या में पुलिस बल कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहा।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे नगर में उत्सव और भाईचारे का माहौल बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post