पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों की जांच, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

(कैफ रजा) 
कालपी(जालौन)। उपभोक्ताओं को डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्ति विभाग ने क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अधिकारियों की टीम ने विभिन्न पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार उत्तम के नेतृत्व में टीम ने ग्राम आटा स्थित ओम साई गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एजेंसी पर 350 से अधिक गैस सिलेंडरों का स्टॉक पाया गया तथा वितरण कार्य नियमानुसार संचालित होता मिला। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं और समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भदौरिया पेट्रोल पंप और लकी पेट्रोल पंप की जांच की। यहां ईंधन की उपलब्धता, माप-तौल और वितरण प्रणाली को परखा गया। निरीक्षण के क्रम में उसरगांव हाईवे स्थित कृष्णा फिलिंग स्टेशन का भी जायजा लिया गया, जहां पेट्रोलियम पदार्थों के स्टॉक और आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों से संवाद स्थापित कर फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को समझा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं को असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी केंद्रों पर पारदर्शी एवं सुचारू वितरण व्यवस्था बनाए रखी जाए।
पूर्ति विभाग ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
फोटो परिचय- निरीक्षण करते पूर्ति विभाग की टीम

Post a Comment

Previous Post Next Post