हजारों नमाजियों ने अदा की ईद की नमाज, अमन-चैन व खुशहाली की मांगी दुआएं


-डीएम-एसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
 कैफ रजा
कालपी(जालौन)। शनिवार को त्याग और भाईचारे के प्रतीक पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) कालपी नगर में पारंपरिक उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। नगर की शाही ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने ईद की नमाज अदा कर देश-प्रदेश में अमन, तरक्की और खुशहाली की दुआएं मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
  ईद का चांद दिखाई देने के बाद से ही नगर में त्योहार का माहौल बन गया था। शनिवार सुबह नए परिधानों में सजे लोग बड़ी संख्या में शाही ईदगाह और मस्जिदों की ओर नमाज अदा करने के लिए निकल पड़े।

 मखदूमिया मस्जिद में मौलाना जियाउद्दीन बरकाती, मुड़िया गुंबद मस्जिद में मौलाना साहिल, खजूर मस्जिद जुनेदपुरा में कारी अब्दुल समी, सैयदो वाली मस्जिद अदल सराय में हाफिज जीलानी तथा खानकाह शरीफ में मौलाना अशरफ अहमद बरकाती की इमामत में ईद की नमाज अदा की गई। शाही ईदगाह में मौलाना नजमुल हुदा की इमामत में प्रातः 9 बजे मुख्य नमाज अदा की गई, जिसमें भारी संख्या में नमाजी शामिल हुए। अपने संबोधन में उलेमाओं ने समाज में सच्चाई, ईमानदारी और शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए लोगों से बच्चों को संस्कारवान एवं शिक्षित बनाने का आह्वान किया। शुभान मस्जिद हरीगंज सहित अन्य मस्जिदों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
ईद-उल-अजहा के मद्देनज़र प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शाही ईदगाह व प्रमुख मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा नागरिकों को पर्व की बधाई दी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, अतिरिक्त निरीक्षक अवनीश कुमार सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी एवं जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। 
फोटो परिचय-भ्रमण करते डीएम,एसपी

Post a Comment

Previous Post Next Post