यूपीवीसीए ने जिले को दी मान्यता विनयदीप बने अध्यक्ष


- प्रदेश स्तर पर आयोजित टूर्नामेंट में जिले से शामिल होंगे दो क्रिकेटर
- यूपी सचिव ने कहा प्रदेश भर में पुराने खिलाड़ियों को मैदान लाया जायेगा
उरई(जालौन)। यूपी वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन ने डिस्ट्रिक्ट वेटरन्स एसोसिएशन का दर्जा देने की घोषणा की।  जालौन अब मान्यता प्राप्त 34वाँ जिला बन गया है।  एसोसिएशन की ओर से अब पुराने खिलाड़ियों को मैदान में लाकर युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगी। अध्यक्ष पद पर विनयदीप तिवारी और सचिव का दीपेंद्र प्रताप सिंह दायित्व संभालेंगे। शहर के एक होटल के सभागार में आयोजित समारोह में यूपीवीसीए के पदाधिकारियों के अलावा शहर के पुराने खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 

इस दौरान एसोसिशन के पंजीकरण  का प्रमाणपत्र जिले के पदाधिकारियों को सौंपा गया। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के युवा नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य जेपी गौतम ने जिले को दी गई जिम्मेदारी पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा पुराने खिलाड़ियों का अनुभव जब नए खिलाड़ियों को मिलेगा तो इससे खेल के स्तर में और सुधार होगा। उन्होंने हर स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया।
यूपीवीसीए के अध्यक्ष आई एम रोहतगी ने कहा कि यहां पर पुराने खिलाड़ी काफी अच्छे हैं यह मालूम हुआ। प्रदेश स्तर पर जिले की पहचान के लिए यहां के लोगों को मेहनत करनी होगी। अच्छे ग्राउंड तैयार कर खेल के माहौल को आदर्शमय बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करें। कहा कि यहां के खिलाड़ी अंतर्राज्यीय स्तर पर खेलते दिखें इस ओर सोचकर आगे बढ़ना होगा। यूपीवीसीए के सचिव गिरीश कपूर ने अपने विचारों और पत्रकारों के सवालों को मिश्रित करते हुए कहा कि अभी हमें अपने दम पर आगे बढ़ना पड़ रहा है।  बीसीसीआई की ओर से कोई वित्तीय मदद नहीं मिलती। लेकिन जब हर जिले तक हमारी पहुंच बनेगी तो अवश्य उसे इस ओर सोचना होगा। श्री कपूर ने कहा कि यह एसोसिएशन 90 के दशक में बनी थी। कई तरह की रुकावटें भी आईं पर हम ठहरे नहीं। गत वर्ष 75 मैच करवाए गए थे। हम  जिलों के प्रदर्शन पर निगरानी करते हैं। अब पुराने क्रिकेटरों की रुचि बढ़ी है। तमाम पूर्व रणजी प्लेयर टूर्नामेंट का हिस्सा बन रहे हैं। इस वर्ष चैलेंज ट्राफी आयोजित होगी। डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व वरिष्ठ क्रिकेटर विनयदीप तिवारी ने कहा कि पुराने खिलाड़ियों के लिए आज से एक मंच मिल गया। हम सब मिलकर दिखा देंगे कि कितनी क्षमताएं अभी ह्म लोगों में बाकी हैं। जिले में फिर से एक नया वातावरण दिखेगा। सचिव दीपेंद्र प्रताप और संयुक्त सचिव पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि यहां प्रतिभाओं की कमी कभी नहीं रही। जो मौका मिला है , इसे एक अच्छी संभावना के रूप में बदलकर दिखायेंगे। हमें अपनी कार्य क्षमता पर विश्वास है।
एसोसिएशन के संरक्षक पूर्व वरिष्ठ क्रिकेटर डॉ. राकेश द्विवेदी ने माना कि यह प्रयोग बहुत सुखद रहेगा। पुराने खिलाड़ियों के अलावा नई प्रतिभाओं को इसका लाभ मिलेगा। इसके पूर्व अतिथियों का माल्यार्पण के बाद शाल एवं स्मृति चिन्ह के साथ सम्मान किया गया। संचालन पुरस्कृत शिक्षक उदय करन  राजपूत ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ियों में नीरज पाठक, दिनेश कुमार, दीपक श्रीवास्तव, सुनील शर्मा,अनिल पंडोखर, मनमोहन कुशवाहा, विनोद सिंह, श्रीकांत वर्मा, शैलेश सिंह, डा. विनोद निराला,प्रतिपाल, अशोक साहू, खलील, रविंद कुमार, आलोक इत्यादि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post