कालपी(जालौन)। मार्च माह में तेज गर्मी के बीच मंगलवार की सुबह नगर में मौसम का अनोखा मिजाज देखने को मिला। तड़के अचानक घना कोहरा छा जाने से पूरा इलाका धुंध की चादर में ढक गया, जिससे लोगों को हैरानी हुई।
सुबह करीब 6 बजे के आसपास कोहरा इतना घना हो गया कि सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई। इस कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। महेवा क्षेत्र से लेकर कालपी नगर और आसपास के कई गांवों में कोहरा दिखाई दिया, हालांकि सबसे अधिक घना कोहरा कालपी कस्बे और उसके करीब 10 किलोमीटर के दायरे में देखा गया।
सुबह टहलने निकलने वाले लोग, किसान और व्यापारी अचानक बदले इस मौसम को देखकर आश्चर्यचकित रह गए। इन दिनों क्षेत्र में दिन का तापमान लगभग 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे मार्च में ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। ऐसे में गर्मी के बीच सुबह-सुबह कोहरा छा जाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रात के समय वातावरण में नमी बढ़ने और तापमान में हल्की गिरावट के कारण सुबह के समय इस प्रकार की धुंध बन सकती है। कई बार हवा की दिशा में बदलाव या पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भी मौसम में अचानक परिवर्तन देखने को मिलता है। हालांकि सूरज निकलने के बाद धीरे-धीरे कोहरा छंट गया और मौसम सामान्य हो गया। राहत की बात यह रही कि कोहरे के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की सूचना नहीं मिली।
फोटो परिचय- कालपी नगर में छाया घना कोहरा
Post a Comment