कालपी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 95 मरीजों को मिला उपचार

(कैफ रजा) 
कालपी(जालौन)। प्रदेश सरकार की जनहितकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत रविवार को कालपी क्षेत्र के दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में कुल 95 मरीजों ने चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदनपुरा में चिकित्साधिकारी डॉ. अमित पोरवाल के नेतृत्व में आयोजित मेले में 62 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 39 पुरुष और 23 महिलाएं शामिल रहीं। इस दौरान सात मरीजों की शुगर जांच की गई, जबकि बुखार एवं त्वचा रोग से ग्रसित छह-छह मरीजों का परीक्षण किया गया। महिला चिकित्सक डॉ. रंजना सिंह ने उपस्थित लोगों को परिवार कल्याण कार्यक्रमों एवं स्वच्छ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया।
इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में चिकित्साधिकारी डॉ. शेख शहरयार की देखरेख में आयोजित मेले में 33 मरीजों का उपचार किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों मनीष कुमार व कमलेश कुमार ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। साथ ही परिवार नियोजन से संबंधित सामग्री का वितरण कर नागरिकों को जनसंख्या नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. अमित पोरवाल ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव के कारण सर्दी, बुखार व अन्य मौसमी बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों को खानपान और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के साथ ही किसी भी बीमारी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
फोटो परिचय- मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में मरीजों का परीक्षण करते चिकित्सक

Post a Comment

Previous Post Next Post