रामपुरा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में 80 जोड़े बने जीवनसाथी


 राकेश कुमार/ नितेश कुमार 
रामपुरा (जालौन)। विकास खण्ड रामपुरा परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन का  आयोजन किया गया, जिसमें कुल 80 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर उत्सव और उल्लास से सराबोर नजर आया, जहां हर ओर खुशियों का माहौल देखने को मिला। सम्मेलन में 77 हिंदू एवं 3 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनके-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों एवं विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया गया। 

अलग-अलग धर्मों की परंपराओं का सम्मान करते हुए विवाह कराए जाने से सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपुरा ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने की। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं खंड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संचालन हुआ।

 उन्होंने भी सभी नवदंपत्तियों को   प्रमाण पत्र सहित आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ अपने वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाएं। खण्ड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।

 इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर मिल रहा है। इस दौरान सभी नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता राशि एवं उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। समारोह के दौरान व्यवस्थाओं में एक बड़ी चूक भी सामने आई, जब मिष्ठान वितरण में दिए गए लड्डू खराब निकले। इस पर खंड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए ताजे लड्डू मंगवाकर पुनः वितरण कराया, जिससे स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया।
 प्रशासन द्वारा सुरक्षा, बैठने, खानपान एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक रामपुरा अजीत सिंह सेंगर, खण्ड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह, पंचायत सहायक अधिकारी भारत सिंह,   सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास)मनोज कुमार गौतम , ग्राम विकास अधिकारी अभिनव पाठक, समाज कल्याण निरप सिंह   आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post