कालपी में गेहूं खरीद की तैयारियां पूरी, 1 अप्रैल से शुरू होगी सरकारी खरीद

(कैफ रजा)
कालपी(जालौन)। रबी विपणन सत्र को लेकर प्रशासन ने गेहूं खरीद की तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सरकारी क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू की जाएगी, जहां किसानों को समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।

जिला खाद्य एवं विपणन विभाग के निर्देशन में कालपी क्षेत्र में करीब आधा दर्जन क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी तरीके से संचालित हो सके।
मंडी सचिव सतीश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि उत्पादन मंडी समिति कालपी परिसर में विपणन शाखा का क्रय केंद्र प्रभारी रुचित प्रजापति की देखरेख में संचालित होगा। इसके अलावा कदौरा मंडी परिषद में विपणन शाखा के अंतर्गत केंद्र प्रभारी रिंटू साहू, पीसीयूबी पैक्स लिमिटेड आटा में मनीष कुमार तिवारी, महेवा पीसीएफ केंद्र में धनीराम कुशवाहा, सहकारी संघ छौंक में रामबाबू तथा सहकारी संघ बाबई में विमलेश कुमार को केंद्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों के अनुसार सभी क्रय केंद्रों पर तौल, साफ-सफाई, पेयजल, छाया एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार साफ एवं सूखा गेहूं लेकर ही केंद्रों पर पहुंचें, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
फोटो परिचय- गेहूं खरीद को लेकर ही केंद्रों पर पोजीशन लेते कर्मी

Post a Comment

Previous Post Next Post