पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, रिक्रूट आरक्षियों को दिए अनुशासन के निर्देश


उरई(जालौन)। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन उरई में अपनी कमान संभालते हुए पहली परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों की पीटी और परेड का बारीकी से निरीक्षण किया।

एसपी डॉ. कुमार ने रंगरूटों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन और नियमों के प्रति सजग रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक अच्छा पुलिसकर्मी बनने के लिए कठोर अनुशासन और नियमों का पालन सबसे जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें मिलने वाली हर गतिविधि उनके भविष्य के कर्तव्यों को आकार देगी।

परेड के निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत दौरा किया। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों के बैरक, मेस (भोजनालय) और पुलिस लाइन की विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं का निरीक्षण किया। बैरक में साफ-सफाई और रहने की व्यवस्थाओं को परखा तथा मेस में भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मचारियों का अर्दलीरूम भी लिया। अर्दलीरूम में उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं और कार्यशैली के बारे में जानकारी हासिल की। निरीक्षण के दौरान जहां कहीं भी कमियां पाई गईं, वहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्हें तत्काल सुधारने का निर्देश दिया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस लाइन में व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाना है।
फोटो परिचय- परेड का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक

Post a Comment

Previous Post Next Post