रमजान-होली के पर्व को लेकर सड़कों पर उतरी पुलिस, एसपी ने किया पैदल मार्च


कालपी (जालौन)। रमजान और होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से देर रात पुलिस प्रशासन सड़कों पर नजर आया। पुलिस अधीक्षक डा. दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में नगर के प्रमुख मार्गों पर फुटमार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और लोगों को भरोसा दिलाया गया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

शाम करीब सात बजे शुरू हुए फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक व चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल मौजूद रहा। फुटमार्च फुलपावर चौराहा, बाईपास मार्ग, हाईवे सर्विस लेन और मुख्य बाजारों से होकर गुजरा। फुटमार्च के दौरान एसपी ने व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत कर अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। संवेदनशील स्थलों पर रुककर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। एसपी ने निर्देश देते हुए कहा कि पर्वों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जाए। सोशल मीडिया पर नजर रखने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि आमजन के सहयोग से ही दोनों पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ संपन्न कराए जाएंगे।
फोटो परिचय- एसपी के साथ पैदल मार्च करते पुलिस के जवान

Post a Comment

Previous Post Next Post