कालपी (जालौन)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से कड़ी निगरानी और सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गईं। परीक्षाओं को नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी ने नगर व तहसील क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह अचानक नगर के नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज पहुंचे, उन्होंने मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा प्रवेश प्रक्रिया का जायजा लिया। इसके बाद परीक्षा कक्षों में जाकर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण की प्रक्रिया एवं निगरानी व्यवस्था को परखा। केंद्र पर पेयजल, स्वच्छता, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई।
इस दौरान केंद्र प्रभारी एवं प्रधानाचार्या कंचन यादव से वार्ता कर उन्होंने परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने देने के निर्देश दिए। शिक्षकों को भी सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाए। इसके पश्चात उपजिलाधिकारी ने एमएसवी इंटर कॉलेज कालपी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने केंद्र प्रभारी प्रधानाचार्य सुशील कुमार सहित शिक्षकों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तहसील क्षेत्र के अन्य परीक्षा केंद्रों का भी भ्रमण कर उन्होंने संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर निगरानी जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फोटो परिचय-परीक्षा केंद्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते उपजिलाधिकारी
फोटो परिचय-परीक्षा केंद्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते उपजिलाधिकारी
Post a Comment