वेतवा किनारे प्रस्तावित बालू खनन पर लोक सुनवाई, ग्रामीणों ने रखे सुझाव


कालपी(जालौन)। तहसील कालपी क्षेत्र में वेतवा नदी तट स्थित प्रस्तावित बालू/मौरम खनन परियोजना के लिए पर्यावरणीय अनापत्ति प्रमाण पत्र (ईसी) जारी करने से पूर्व शनिवार को लोक सुनवाई आयोजित की गई। सुनवाई की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि आयोजन उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय झांसी के तत्वावधान में तहसील सभागार में संपन्न हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित खनन गाटा संख्या 439 (खंड-6), ग्राम/घाट पथरेटा, तहसील कालपी, जनपद जालौन में बालू खनन का कार्य प्रस्तावित है। पर्यावरणीय नियमों के तहत परियोजना प्रभावित क्षेत्र के निवासियों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने के उद्देश्य से यह सार्वजनिक सुनवाई आयोजित की गई।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए ही किसी भी खनन कार्य को अनुमति दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से खुलकर अपनी बात रखने का आह्वान किया। इस दौरान तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी ने प्रस्तावित खनन क्षेत्र के खंडवार विवरण एवं क्षेत्रफल संबंधी जानकारी प्रस्तुत की।
लोक सुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने परियोजना के संभावित प्रभावों पर अपने सुझाव रखे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को संज्ञान में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post