कालपी(जालौन)।आगामी होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को नगर में सघन छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान तीन प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया।
नायब तहसीलदार मुकेश कुमार एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुख्य बाजार टरनंगंज और राजमार्ग क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। अभियान के तहत नीरज किराना प्रतिष्ठान से किशमिश व बेसन, मनोज कुमार के प्रतिष्ठान से कचरी तथा राजमार्ग स्थित गवद्धे हलुवा प्रतिष्ठान से गुझिया मिठाई का नमूना भरा गया। सभी नमूनों को विधिवत सील कर जांच के लिए भेज दिया गया है। छापेमारी की सूचना बाजार में फैलते ही अधिकांश मिष्ठान और परचून की दुकानें बंद हो गईं। बाजार में कुछ समय के लिए सन्नाटा सा छा गया। हालांकि टीम के वापस लौटते ही दुकानदारों ने पुनः अपनी-अपनी दुकानें खोल लीं और कारोबार सामान्य हो गया।
अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, अनिल कुमार शंखवार एवं महेश प्रसाद सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के मद्देनजर निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
फोटो परिचय- खाद्य पदार्थों के नमूने भरते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।
Post a Comment