गौशालाओं को बेहतर बनाने व फार्मर रजिस्ट्री के दिए निर्देश


0 बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह ने की एसआईआर अभियान में बुजुर्गों से विशेष अपील
रामपुरा(जालौन)। विकास खण्ड रामपुरा के खण्ड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को क्षेत्र के सभी ग्राम सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक की शुरुआत में खंड विकास अधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गौ प्रबंधन के क्षेत्र में ब्लॉक रामपुरा पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि को बरकरार रखने और इसे और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि सभी पात्र किसानों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समय पर सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ उठा सकें। सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए खण्ड विकास अधिकारी ने फैमिली आरडी योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सचिवों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को इस योजना के दीर्घकालिक लाभों से अवगत कराएं और अधिक से अधिक परिवारों को इस बचत योजना से जोड़ें। इसके अलावा, उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण के कार्य में तेजी लाने पर बल दिया। उन्होंने ग्राम प्रधानों और सचिवों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके गांव के सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं, जिससे जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज की सुविधा आसानी से मिल सके। बैठक में आगामी 22 फरवरी 2026 को प्रस्तावित एसआईआर वृद्ध अभियान को लेकर विशेष चर्चा हुई। इस अभियान के तहत बीएलओ द्वारा मतदाताओं को उनके बूथों पर जागरूक किया जाएगा। खण्ड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने ग्राम प्रधानों और सचिवों से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए गांवों में डुगडुगी, मुनादी और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। उन्होंने विशेष रूप से गांव के बुजुर्गों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि उनका अनुभव और सहभागिता इस आयोजन की रीढ़ है। अंत में खंड विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीम भावना से काम करके ही हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और सभी अभियानों को सफल बनाया जा सके।
फोटो परिचय- बैठक को संबोधित करते बीडीओ गजेन्द्र प्रताप सिंह 

Post a Comment

Previous Post Next Post