जालौन पुलिस ने अवैध खनन व परिवहन गिरोह के चार लोकेशन माफिया गिरफ्तार किए


उरई(जालौन)। पुलिस ने अवैध खनन एवं ओवरलोड खनिज परिवहन कराने वाले एक संगठित गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर चालक दल को पहले से सतर्क करके सरकारी चेकिंग में बाधा डालने और राजस्व की चोरी करने के आरोप हैं।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन और पुलिस महानिरीक्षक, झांसी रेंज के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में हुई। परिवहन, खनन विभाग और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 व 5 फरवरी की रात उरई में अवैध ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान, चेकिंग टीम ने गौर किया कि कुछ लोग कार और मोटरसाइकिल से उनका पीछा कर रहे हैं। संदिग्ध कार एमपी 07 जेड एच 3221 को रोककर उसके सवार मयंक यादव 28 वर्ष को पूंछतांछ के लिए रोका गया। तभी मौके पर उसके तीन साथी भी आ गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पंूछतांछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने चलने वाले ट्रकों को चेकिंग और भारी जुर्माने से बचाने के लिए सड़क किनारे तैनात रहकर सतर्कता बनाए रखते थे। व्हाट्सएप और फोन के जरिए एक-दूसरे से संपर्क में रहकर वे ट्रक चालकों को पहले ही आगाह कर देते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह संगठित तरीके से अवैध खनन, ओवरलोड परिवहन करते हुए राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा था और राजस्व की चोरी कर रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त मयंक यादव, विशाल यादव 29 वर्ष, सुरेंद्र यादव 33 वर्ष और शिवम कुमार 22 वर्ष हैं। इनके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। शिवम की कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है। सभी के खिलाफ कोतवाली उरई में मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है। पुलिस आस-पास के जिलों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
फोटो परिचय- पुलिस की गिरफ्त में लोकेशन माफिया 

Post a Comment

Previous Post Next Post