कालपी (जालौन)। विकास खंड महेवा के ग्राम सैदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला जज (एससी/एसटी कोर्ट) सुरेश चंद्र गुप्ता ने की। शिविर में मेगा विधिक जागरूकता अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत की प्रक्रिया, महिला एवं बाल संरक्षण कानून, अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
डालसा सचिव मां श्रीमती साम्भवी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। सिविल जज कालपी अभिषेक चौधरी ने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने का आह्वान किया।
तहसीलदार कालपी अभिनव त्रिपाठी एवं नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, लेखपाल, पंचायत सहायकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
शिविर के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया।
Post a Comment