कालपी में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार लोडर ने ली किशोर की जान, एक घायल


कालपी (जालौन)। नगर के अमलतास तिराहे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार लोडर (यूपी-92-टी-7880) ने सामने से आ रही बाइक (यूपी-92-एएस-9589) में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर ग्राम हीरापुर निवासी तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे 17 वर्षीय नीरज पुत्र कालीचरण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनके पीछे सवार संदीप (18) घायल हो गए, जबकि तीसरा युवक लेखराज किसी तरह बाल-बाल बच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉ. अशोक चक ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अमलतास तिराहा पहले भी कई हादसों का गवाह रहा है, जिसे स्थानीय लोग डेथ प्वाइंट कहते हैं। पुलिस ने आरोपी लोडर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, किशोर की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
फोटो परिचय-इलाज कराते बाइक सवार

Post a Comment

Previous Post Next Post