कालपी(जालौन)। होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कोतवाली क्षेत्र के नगरीय और ग्रामीण इलाकों में चिन्हित 68 सार्वजनिक स्थलों पर होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से निगरानी में जुटे हैं।
प्रशासन के अनुसार निर्धारित तिथि की रात होलिका दहन किया जाएगा, जबकि अगले दो दिनों तक रंगोत्सव मनाया जाएगा। सभी स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित मोहल्लों और गांवों के जिम्मेदार नागरिकों से संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण आयोजन की अपील की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न होलिका दहन स्थलों का जायजा लिया। अतिरिक्त निरीक्षक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक तथा चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील हैं। बाजार क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मुख्य बाजार टरननगंज सहित अन्य व्यापारिक इलाकों में होली की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। रंग, गुलाल, पिचकारी और मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस कर्मियों को प्रमुख चौराहों और बाजारों में ड्यूटी पर लगाया गया है।
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से कोई समझौता न हो। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फोटो परिचय- होलिका दहन को लेकर प्रशासन अलर्ट
Post a Comment