यमुना पुल के पास मान्या पेपर फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 3 लाख का नुकसान


कालपी (जालौन)। नगर के यमुना पुल के समीप स्थित मान्या पेपर फैक्ट्री में बुधवार सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में लगभग 3 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
सुबह करीब 10 बजे मान्या पेपर फैक्ट्री परिसर में अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे बाहर रखा कच्चा माल आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते धुआं उठने लगा। आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी। फैक्ट्री मालिक प्रशांत ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। आग से बाहर रखा कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया, जिससे करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।  प्रत्यदर्शियों के मुताबिक यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

Post a Comment

Previous Post Next Post