ओटीएस योजना का लाभ 28 फरवरी तक लें बकायेदार उपभोक्ता: एसडीओ


कालपी(जालौन)। बिजली बिल बकायेदारों के लिए राहत की खबर है। विद्युत विभाग द्वारा संचालित एकमुश्त समाधान ओटीएस योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिलों में विशेष छूट दी जा रही है। यह योजना 28 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान ने उपभोक्ताओं से समय रहते योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

विद्युत उपखंड कार्यालय कालपी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान एसडीओ ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों को मूल बकाया राशि में अधिकतम 25 प्रतिशत तक की छूट तथा सरचार्ज-ब्याज में शत-प्रतिशत तक की राहत प्रदान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य लंबित बकाया वसूली के साथ-साथ उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देना है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 से शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ओटीएस शिविर आयोजित किए गए हैं। अब तक 1405 बकायेदार उपभोक्ता योजना का लाभ ले चुके हैं। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ना है, ताकि वे बकाया निपटाकर नियमित बिल भुगतान की श्रेणी में आ सकें।उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2025 तक के बकायेदार उपभोक्ता इस योजना के दायरे में शामिल हैं। सरचार्ज में पूरी छूट और मूलधन में आंशिक राहत के कारण उपभोक्ताओं पर वित्तीय बोझ काफी कम होगा। योजना के सफल संचालन में अवर अभियंता सत्य प्रकाश और नवीन सचान की टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। विद्युत विभाग ने पुनः अपील की है कि इच्छुक उपभोक्ता अंतिम तिथि से पहले कार्यालय या शिविर स्थल पर पहुंचकर योजना का लाभ अवश्य लें।
फोटो परिचय- उपभोक्ताओं को जागरूक करते एसडीओ व अन्य

Post a Comment

Previous Post Next Post