कार्तिक पूर्णिमा में भक्तों ने यमुना में लगाई आस्था डुबकी


-नाव में बैठकर यमुनाघाट का जायजा लिया पालिकाध्यक्ष ने
कालपी(जालौन)। कार्तिक पूर्णिमा का पर्व धर्मनगरी कालपी तथा आसपास के क्षेत्रों मे परम्परागत एंव धार्मिक रीति रिवाजों से मनाया गया। इस अवसर पर यमुना नदी में श्रद्धापूर्वक स्नान करके पूजा अर्चना की। श्रद्वालुओं की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखकर यमुना नदी के घाटों तथा आसपास की रास्ताओं एवं सड़को में प्रशासन के द्वारा पुख्ता इंतजाम किये गये थे।

  बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भोर सुबह सबसे पहले सन्तों ने किला घाट स्थित बिहारी घाट में आस्था की डुबकी लगाई, डुबकी के बाद संतो ने घाट में पूजा अर्चना की। इसके बाद कालपी एवं दूरदराज के क्षेत्रों से भारी संख्या में भक्त, महिलाएं, बच्चे यमुना नदी कालपी में डुबकी लगाने तथा पूजा अर्चना करने के लिये पहुंचने लगे यह सिलसिला दिनभर चलता रहा। क़िलाघाट, ढोडेश्वर मंदिर घाट आदि स्थानों में भक्तों तथा श्रद्वालुओं ने डुबकी लगाकर यमुना स्नान किया। स्नान के बाद यमुना नदी के किनारे स्थित राधा माधव मंदिर, ढोड़ेश्वर मंदिर, काली देवी मंदिर आदि धर्म स्थलों में श्रद्धालुओं ने पूजा की। धर्मनगरी कालपी में स्थित यमुना नदी में पर्वों पर डुबकी लगाकर स्नान करने की प्राचीन एवं धार्मिक परंपरा रही है। स्नानार्थियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखकर स्वच्छता बनाये रखने के लिए घाट तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई थी। किलाघाट से यमुना की जलधारा दूर होने के कारण नगर पालिका के द्वारा घाट के किनारे स्नान करने की व्यवस्था की थी। वहीं भोर सुबह नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला के द्वारा नगर के किलाघाट व पीलाघाट निरीक्षण किया तथा नाव में बैठकर घाट का जायजा लिया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व का विशेष महत्व है। पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु का मत्स्यावतार हुआ था। कार्तिक पूर्णिमा के दिन यमुना स्नान के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा के लिए बैरिकेटिंग की गई है तथा महिलाओं के स्नान के दौरान वस्त्र बदलने के लिए अस्थाई चेंजिंग रूम की स्थापना भी पालिका प्रशासन के द्वारा की गई है। वही सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों के किनारे पुलिस जवानों, गोताखोरों तथा फायरब्रिगेड के जवानों की तैनाती की गई थी।
फोटो परिचय- नाव में बैठकर घाट का जायजा लेते पालिकाध्यक्ष 

Post a Comment

Previous Post Next Post