प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला करने का लगाया आरोप


रामपुरा(जालौन)। गोहन थाना अंतर्गत ग्राम रसूलपुर में प्रेमिका से मिलने आए युवक पर परिजनों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन कट  गई, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे उरई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जानलेवा हमले में घायल युवक  जसवीर ग्राम अजीतापुर का निवासी है और वर्तमान में मुंबई में नौकरी करता है। जनचर्चा है कि जसवीर पुत्र मंसूर खान का ग्राम रसूलपुर में किसी युवती से टांका भिड़ा है। कल वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए मुंबई से सीधे रसूलपुर गांव आया था। जैसे ही वह प्रेमिका के घर पहुंचा, परिजनों ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में जसवीर की गर्दन बुरी तरह कट गई और वह खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उरई मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार जसवीर की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोहन थाना के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुशवाहा ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। थाना अध्यक्ष सतीश कुशवाहा मामला गंभीरता से लिया तो  लोगों के द्वारा गुप्त रूप से मामला प्रकाश में आया है कि यह कोई धारदार हथियार से हमला नहीं किया गया बल्कि कोई  नुकीली चीज से स्वयं पर वार किया गया है हालांकि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन हमलावरों की पहचान की जा रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों की मानें तो युवक और युवती के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन परिजन इस रिश्ते से खुश नहीं थे। युवक का इस तरह से गांव आना परिजनों को नागवार गुज़रा और उन्होंने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस फिलहाल मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ राम सिंह ने बताया कि युवक की गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना प्रकाश में आई है । प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच करके उचित व सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फोटो परिचय-घायल आशिक

Post a Comment

Previous Post Next Post