बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड व बेटे की मौत


0बाइक से पिता को ड्यूटी ले जाते समय हुआ हादसा
0थाना क्षेत्र के कठपुरवा मोड़ पर हुआ दर्दनाक घटना 
कदौरा(जालौन)। होमगार्ड पिता को ड्यूटी के लिए बाइक से छोड़ने जा रहे पुत्र की बाईक पर बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही पिता पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने टक्कर मारने वाली बेलेरो को कब्जे मे लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पिता पुत्र की मौत से मृतक के घर में कोहराम मच गया है।

शुक्रवार रात को आटा थाना क्षेत्र के ग्राम बारा निवासी कदौरा थाने में तैनात होमगार्ड बीरेन्द्र कुमार पुत्र राम किशुन उम्र 55 वर्ष अपने पुत्र अविनाश उर्फ अवि उम्र 22 के साथ कदौरा थाने में ड्यूटी करने आ रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी कठपुरवा मोड़ पर स्थित शराब ठेका से 100 मीटर पहले पहुची तो कदौरा की तरफ से आ रही टीयूवी कार ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पिता पुत्र उछल कर सड़क पर गिर गए जिससे दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वही टक्कर मारने के बाद वाली कार अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पलट गई। उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी तब हुई जब थाने से घर पर फोन किया गया की होमगार्ड ड्यूटी पर नही पहुचे है। होमगार्ड के बड़े पुत्र विजय राम ने बताया कि जब थाने से फोन आया कि पापा थाने नही पहुचे है तो उसके मन मे अनहोनी की आशंका हुई तो वह अपने एक साथी के साथ घर से पिता को ढूंढने के लिए निकला और जब वह घटना स्थल पर पहुचा तो पिता और उसका भाई दोनों मृत अवस्था में पड़े हुए थे। फिर उसने थाने फोन कर घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह आनन फानन में घटना स्थल पर पहुंचे। प्राथमिक जांच पड़ताल करते हुए शवो को सीएचसी कदौरा पहुचाया गया, जहां पर चिकित्सक ने देखते ही दोनों पिता पुत्र को मृत घोषित कर दिया।  मृतक होमगार्ड के दो बेटे और एक पुत्री सरिता है। पुत्री की शादी हो चुकी है। पत्नी गीता का रो रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह ने कहा की मृतक के बड़े पुत्र की तहरीर पर मामला दर्ज कर शवों को पोष्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
फोटो परिचय -सीएचसी परिसर में मौजूद होमगार्ड के परिजन,

Post a Comment

Previous Post Next Post