डीआईजी, डीएम व एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण, पारदर्शिता व सुरक्षा पर रहा विशेष फोकस




--- शांतिपूर्ण माहौल में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन संपन्न, प्रशासन की सख्त निगरानी में हुई परीक्षा
 हिमांशु खरकिया
जालौन।जनपद में आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा का दूसरा दिन रविवार को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा को नकलविहीन और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए डीआईजी आकाश कुलहरी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंध, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं को बारीकी से परखा गया।
डीआईजी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग व फ्रिस्किंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, छाया, शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध रहें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में 3408 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2538 उपस्थित रहे, जबकि 870 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3408 में से 2597 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और 811 अनुपस्थित रहे। जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सुरक्षा एवं पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ करें, ताकि परीक्षा की शुचिता अक्षुण्ण बनी रहे और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। प्रशासन की सक्रियता और सुदृढ़ व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post