औद्योगिक क्षेत्र में कागज उद्यमियों की बैठक, अग्नि सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर


-एनओसी व अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश
 कैफ रजा 
कालपी(जालौन)। औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को कागज उद्योग से जुड़े उद्यमियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जिला अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने उद्योग संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

 उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी इकाइयों में शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप अग्निशमन यंत्रों की स्थापना जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव किया जा सके। उन्होंने आग लगने के कारणों, बचाव के उपायों और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि यदि उद्यमी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, तो आग जैसी गंभीर घटनाओं से काफी हद तक बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के उद्योग संचालन करने पर कार्रवाई हो सकती है और इकाइयों को बंद तक किया जा सकता है। बैठक में उत्तर प्रदेश हाथ कागज निर्माता समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी उद्यमियों की ओर से आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन प्राथमिकता से किया जाएगा।
इस दौरान कुलदीप शुक्ला, विनीत गुप्ता, भोला शर्मा, दिनेश गुप्ता, राजू पतारा, रविंद्र नाथ गुप्ता और हाजी सलीम खान सहित कई उद्यमियों ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
फोटो परिचय-आयोजित बैठक में अग्निशमन अधिकारी के साथ उपस्थित कागज उद्यमी

Post a Comment

Previous Post Next Post