--जाति का ताना देकर की मारपीट, महिलाओं से अभद्रता, पीड़ित ने थाने में गुहार लगाई
जालौन,। जनपद जालौन के थाना चुरखी क्षेत्र में दबंगों ने जाति सूचक अपशब्द कहकर तीन लोगों के साथ जानलेवा मारपीट की और महिलाओं के साथ अभद्रता व धक्का-मुक्की की। पीड़ित के थाने जाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम हधनौरा, थाना चुरखी निवासी सनीकांत पुत्र राकेश ने अपनी शिकायत में बताया कि दिनांक 14 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे वह अपने फूफा देवेंद्र कुमार व भाई संदीप के साथ नियामतपुर से घर लौट रहे थे। गाँव के पास पहुँचते ही चार दबंगों – राजनेश पुत्र चरण सिंह, रोहित सिंह पुत्र रमेश सिंह, चरण सिंह पुत्र रामबली सिंह और जीतू पुत्र भगत सिंह ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने “ साले धोबिया वाले जाते समय क्या कह रहा था” जैसे जातिगत ताने देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित ने विरोध किया तो सभी ने मिलकर उस पर और उसके फूफा व भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर चिल्ला रहे थे, “धोबिया वाले को इतना मारो कि इसकी औकात पता चल जाए।”
पीड़ित की चाचा जयपाल और बहन रश्मि व वर्षा ने बीच-बचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और अश्लील हरकतें करने का भी आरोप लगा है।
जब पीड़ित थाने रिपोर्ट दर्ज कराने पहुँचा, तो आरोपियों ने फोन कर धमकी दी कि “अगर थाने गया तो जान से मार देंगे।” पीड़ित सनीकांत ने भयभीत होकर पुलिस अधीक्षक जालौन से तत्काल हस्तक्षेप करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
Post a Comment