गेहूं क्रय केंद्रों का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, किसानों से संवाद कर दिए निर्देश


कालपी(जालौन)। मंगलवार को उपजिलाधिकारी ने कालपी एवं कदौरा क्षेत्र में स्थापित सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर पहुंचे किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कृषि उत्पादन मंडी समिति कालपी स्थित विपणन शाखा के सरकारी गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी रुचिका ओमर ने बताया कि केंद्र पर पर्याप्त बारदाना 3 गाँठ (1500 बोरी) उपलब्ध है तथा खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर गेहूं की खरीद की स्थिति संतोषजनक पाई गई और आज 85 कुंतल गेहूं की खरीद हुई है, वही अब तक केंद्र में 2858 कुंतल  गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसके बाद एसडीएम ने गल्ला मंडी कालपी में संचालित अन्य सरकारी क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मशीनों की कार्यप्रणाली, तौल व्यवस्था एवं अभिलेखों की जांच की। इस दौरान पाया गया कि गेहूं क्रय प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित हो रही है तथा किसानों को भुगतान भी नियमानुसार किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्रों पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि गेहूं बेचने आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

फोटो- सरकारी गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण करते उपजिलाधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post