-बिना अनुमति खेतों से ट्रक निकालने की शिकायत, कार्रवाई की मांग
कालपी(जालौन)। शनिवार को कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान किसानों की समस्याएं प्रमुखता से उठीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
समाधान दिवस में ग्राम देवकली के किसानों ने बालू खदान संचालकों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र सौंपा। किसानों का कहना था कि उनकी कृषि भूमि की राजस्व विभाग द्वारा 18 अप्रैल 2026 को पैमाइश कराई जा चुकी है, इसके बावजूद हीरापुर क्षेत्र के बालू ठेकेदार बिना अनुमति उनकी जमीन का उपयोग कर रहे हैं। आरोप है कि खेतों के रास्ते नियमों के विपरीत तरीके से बालू से भरे ट्रक निकाले जा रहे हैं, जिससे भूमि को नुकसान पहुंच रहा है।
किसानों रामायण प्रसाद, प्रताप सिंह, राजेंद्र कुमार, राम उजागर समेत अन्य ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने मौके पर मौजूद राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भूमि से जुड़े मामलों का मौके पर जाकर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक पुत्तूलाल, ओमकार सिंह, राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह सहित लेखपाल जितेंद्र कुमार, राघवेंद्र निरंजन और विभा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय-थाना दिवस में शिकायत करता किसान
Post a Comment