(हिमांशु खरकया)
जालौन। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा डॉ. अम्बेडकर इंटर कॉलेज, जालौन में प्रबंध समिति के कथित अवैधानिक चुनाव कराने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूर्व प्रबंधक एवं संस्था की साधारण सभा की आजीवन सदस्य श्रीमती सीमा सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि डीआईओएस कूटरचित साधारण सभा सूची के आधार पर चुनाव करा रहे हैं, जबकि यह मामला रजिस्ट्रार, फर्म एवं सोसायटी, झांसी के यहाँ लंबित है।
रजिस्ट्रार कार्यालय में सुनवाई जारी
श्रीमती सीमा सिंह ने बताया कि उन्होंने 28 फरवरी 2026 को रजिस्ट्रार कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई थी, जिस पर 8 अप्रैल 2026 को सुनवाई हुई। सुनवाई पूर्ण न होने के कारण रजिस्ट्रार ने अगली तारीख 22 अप्रैल 2026 निर्धारित की है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष – प्रधानाचार्य राजेश कुमार, प्रबंधक सुरेश चंद्र त्रिवेदी, अध्यक्ष काशीप्रसाद जाटव, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जाटव व अन्य – ने डीआईओएस से मिलीभगत कर कूटरचित सूची से एक सप्ताह के भीतर अवैध चुनाव कराने की साजिश रची है।
"पंजीकृत सूची से चुनाव कराए जाएं"
प्रार्थिनी का कहना है कि वर्ष 2018-19 में प्रबंधक द्वारा रजिस्ट्रार कार्यालय में जो पंजीकृत साधारण सभा सूची है, उससे चुनाव कराए जाएं, न कि विवादित सूची से। उन्होंने जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि रजिस्ट्रार के यहाँ सुनवाई पूर्ण होने तक डीआईओएस द्वारा कराए जा रहे अवैध प्रबंध समिति चुनाव पर रोक लगाई जाए।
प्रशासन पर सवाल
स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर रोष है। उनका कहना है कि जब एक नियामक प्राधिकरण (रजिस्ट्रार) के यहाँ मामला विचाराधीन है, तो डीआईओएस को चुनाव कराने की जल्दी क्यों है? इससे शैक्षणिक संस्थानों में पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
प्रार्थिनी ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
Post a Comment