जनआरोग्य मेलों में उमड़ी मरीजों की भीड़, 4 केंद्रों पर 143 लोगों का उपचार

कैफ रजा 
कालपी(जालौन)। सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत रविवार को कालपी क्षेत्र के चार स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। इन मेलों में कुल 143 मरीजों का परीक्षण और उपचार किया गया, साथ ही लोगों को भीषण गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सलाह भी दी गई।

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदनपुरा में आयोजित मेले में सबसे अधिक 63 मरीजों का इलाज हुआ, जिसमें 36 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल रहीं। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. अमित पोरवाल के नेतृत्व में टीम ने मरीजों की जांच की। इस दौरान मधुमेह के 6 परीक्षण किए गए, जबकि बुखार और त्वचा रोग से संबंधित मरीजों की भी जांच कर उन्हें उपचार दिया गया। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. रंजना सिंह ने भी मेले में पहुंचकर होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति और परिवार कल्याण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी और लोगों को जागरूक किया।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में 25, वावई में 28 तथा न्यामतपुर में 27 मरीजों का उपचार किया गया। न्यामतपुर केंद्र पर डॉ. आदर्श गौतम की देखरेख में स्वास्थ्य टीम ने सेवाएं प्रदान कीं, जबकि महेवा में डॉ. शेख शहरयार के निर्देशन में मेले का संचालन हुआ।
   स्वास्थ्य मेलों में मरीजों को मुफ्त दवाएं देने के साथ ही परिवार नियोजन से संबंधित सामग्री जैसे कंडोम और आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश गुप्ता ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, ऐसे में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
फोटो परिचयः जनआरोग्य मेले के दौरान मरीजों का उपचार करते चिकित्सक

Post a Comment

Previous Post Next Post