दूसरे दिन भी तेज रफ्तार से चला जनगणना प्रशिक्षण, 300 कार्मिक हुए प्रशिक्षित

कैफ रजा 
कालपी(जालौन)। जनगणना 2026 के तहत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंगलवार को दूसरे दिन भी उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। स्थानीय एमएसवी इंटर कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में करीब 300 कर्मचारियों ने भाग लेकर मकान सूचीकरण एवं गणना से जुड़ी बारीकियों को समझा।

उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस कार्यक्रम में राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग तथा नगर निकायों के अधिकारियों की निगरानी में प्रशिक्षण दिया गया। विद्यालय के छह कक्षों में अलग-अलग बैच बनाकर प्रतिभागियों को प्रथम चरण की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
एसडीएम ने बताया कि प्रशिक्षण को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए प्रतिदिन छह बैचों में लगभग 300 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह क्रम लगातार तीन दिन तक जारी रहेगा, जिससे सभी संबंधित कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके। कालपी तहसील क्षेत्र में नगर पालिका परिषद कालपी तथा नगर पंचायत कदौरा को शामिल करते हुए कुल 66 बैच बनाए गए हैं। नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला के अनुसार, 20 से 29 अप्रैल तक अलग-अलग चरणों में प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक बैच में करीब 50 कार्मिक शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगणक, सुपरवाइजर एवं अन्य कार्मिकों को जनगणना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी रघुनाथ चौधरी, अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार एवं शिक्षकगण व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
फोटो परिचय- प्रशिक्षण सत्र में मौजूद कर्मचारी व अधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post