मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में उमड़ी भीड़, 166 मरीजों का हुआ उपचार


-एसीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी व्यवस्था
 कैफ रजा 
कालपी(जालौन) । प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत रविवार को कालपी तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले आयोजित किए गए। इन मेलों में बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी मरीज पहुंचे, जहां कुल 166 मरीजों का उपचार कर उन्हें आवश्यक दवाएं व परामर्श दिया गया।

नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदनपुरा में आयोजित मेले में चिकित्साधिकारी डॉ. अमित पोरवाल के नेतृत्व में 59 मरीजों का इलाज किया गया, जिनमें 25 पुरुष और 34 महिलाएं शामिल रहीं। इस दौरान शुगर की जांच के साथ बुखार व त्वचा रोग से संबंधित मरीजों की विशेष जांच की गई। राजकीय होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डॉ. रंजना सिंह ने उपस्थित लोगों को परिवार कल्याण कार्यक्रमों और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा में डॉ. शेख शहरयार की देखरेख में 30 मरीजों का उपचार किया गया। वावई स्थित सरकारी अस्पताल में 28 मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं दी गईं, जबकि चुर्खी पीएचसी में 23 मरीजों का इलाज हुआ। इसके अतिरिक्त नियामतपुर स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. आदर्श गौतम की उपस्थिति में 26 मरीजों की जांच व उपचार किया गया।
मेले के दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं तथा परिवार नियोजन से जुड़ी सामग्रियां जैसे कंडोम व अन्य दवाएं भी बांटी गईं। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
दोपहर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी वर्मा ने वावई और चुर्खी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
फोटो परिचय-जनआरोग्य मेले में मरीजों का उपचार करती चिकित्सकीय टीम

Post a Comment

Previous Post Next Post