जालौन । दहेज की मांग और घरेलू उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने अपने पति पर मारपीट कर बस से उतार देने और तीन वर्षीय बेटे को छीन लेने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराकर अपने बेटे को वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
उरई थाना क्षेत्र के ग्राम राहिया निवासी पूजा पत्नी पंकज ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 6 जून 2022 को उरई के कोरी कुटिया विवाह घर से पंकज पुत्र श्यामा प्रसाद निवासी बल्लम, रोहतक (हरियाणा) हाल निवासी विजय एन्क्लेव, नई दिल्ली के साथ हुई थी।
शादी के बाद से ही पति, सास बबीता और ननद शिवानी अतिरिक्त दहेज में चार लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट कर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।
महिला का आरोप है कि 29 नवंबर 2025 को ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट कर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और उसे तीन वर्षीय बेटे यक्षराज के साथ घर से निकाल दिया। बाद में 6 मार्च 2026 को पति उसे लेने महोबा पहुंचा, लेकिन बस से दिल्ली जाते समय रास्ते में मारपीट कर डकोर टोल के पास रात में बेटे को छीनकर उसे बस से उतार दिया। महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
Post a Comment