जनसुनवाई व शिकायतों के निस्तारण में तहसील माधौगढ़ को जिले में मिला प्रथम स्थान

(नितेश कुमार)
माधौगढ़(जालौन)। शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था में तहसील माधौगढ़ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से तहसील प्रशासन और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता है और संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए जाते हैं, जिससे अधिकतर शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं प्राप्त होती हैं, जिनके समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जाती है। यही कारण है कि माधौगढ़ तहसील को जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
उपजिलाधिकारी ने तहसील के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी और तत्परता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज कराएं, जिससे उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों ने तहसील प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि आगे भी इसी प्रकार जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान होता रहेगा।
फोटो परिचय- उपजिलाधिकारी राकेश सोनी

Post a Comment

Previous Post Next Post