रसोई गैस की किल्लत की आशंका को लेकर लोगों में चिंता का माहौल

(राकेश प्रजापति)
जालौन। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव और युद्ध संबंधी खबरों के बीच क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत की आशंका को लेकर लोगों में चिंता का माहौल बन गया है। बुकिंग के दौरान सर्वर व ओटीपी न आने से भी उपभोक्ता परेशान हैं। उपभोक्ता अग्रिम रूप से गैस सिलेंडर भरवाने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे वहां भीड़ बढ़ने लगी है।

        अधिवक्ता उमेश दीक्षित, विनय निगम, अशफाक राईन, आशीष सोनी, राहुल उटगेरकर आदि का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई तो रसोई का कामकाज प्रभावित हो सकता है। इसी आशंका के कारण कई उपभोक्ता अपने वाहनों से एजेंसियों पर पहुंचकर अपने अपने  सिलिंडर भरवाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि भविष्य में उन्हें रसोई गैस को लेकर परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर में लौना रोड स्थित जालौन गैस सर्विस (इंडेन) पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग लाइन में लगकर अपने गैस सिलेंडर भरवाने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि इस दौरान तकनीकी दिक्कत भी सामने आ रही है। सर्वर सही तरह से काम न करने के कारण उपभोक्ताओं के नंबर नहीं लग पा रहे हैं और ओटीपी भी प्राप्त नहीं हो रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और एजेंसी परिसर में भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। इस संबंध में एजेंसी संचालक प्रभुदयाल भाटिया ने बताया कि एजेंसी पर फिलहाल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सर्वर में आई तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं के नंबर और ओटीपी में दिक्कत आ रही है। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग सफल हो जाती है, उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वर की समस्या के बारे में अधिकारियों को सूचित किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post