बहुजन नायक/महानायक जन्मोत्सव समिति ने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर दी ईद की मुबारकबाद,

 
-- शीतल जल पिलाकर मानवता की मिसाल पेश की
 (हिमांशु खरकिया)
उरई (जालौन)। ईद-उल-फितर का पवित्र पर्व जहां खुशियों और भाईचारे का संदेश लेकर आता है, वहीं उरई में इस बार ईद की नमाज के मौके पर बहुजन नायक/महानायक जन्मोत्सव आयोजन संयुक्त समिति के कार्यकर्ताओं ने मानवता और साम्प्रदायिक सौहार्द की एक मिसाल पेश की। समिति के सदस्यों ने रामनगर झांसी रोड स्थित ईदगाह के समीप शिविर लगाकर नमाजियों और नगर वासियों को भावपूर्वक गले लगाया और ईद-उल-फितर की हार्दिक मुबारकबाद दी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गर्मी को देखते हुए आने-जाने वालों को शीतल शरबत और ठंडे जल का वितरण कर न सिर्फ उनकी प्यास बुझाई, बल्कि सेवा भाव की अनूठी मिसाल भी पेश की। समिति के इस सराहनीय प्रयास से ईदगाह परिसर में मौजूद मुस्लिम भाइयों और अकीदतमंदों के चेहरे खिले रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के इस स्नेहिल व्यवहार और सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। नमाजियों ने इसे सच्चे भाईचारे और मोहब्बत की मिसाल बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और मजबूत होता है।
समिति के अध्यक्ष द्वय प्रवेंद्र पाल सिंह एवं महेंद्र सिंह दोहरे ने इस अवसर पर कहा कि उनकी समिति नगर में लगातार सामाजिक सौहार्द और सेवा भाव की गतिविधियों का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य महज औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि सभी वर्गों के बीच प्रेम और एकता के बंधन को मजबूत करना है। ईद का दिन इस भाईचारे को साकार करने का सबसे बड़ा अवसर था, जिसे हमने गर्व से निभाया।
इस मौके पर समिति के अन्य कार्यकर्ताओं में राम औतार गौतम, सुंदर सिंह शास्त्री, रमाकांत दोहरे, किशन बाबू, राजेंद्र सिंह दोहरे, भूपेंद्र सिंह दोहरे, पुनीत भारती, सुधाकर राव गौतम, भगवती शरण, रजक मानवेंद्र सिंह, राम प्रकाश गौतम, ओम प्रकाश गौतम, विजय रतन, सुनील कुमार अमर सिंह, अवधेश गौतम, भानु प्रताप सिंह, दीपक कुमार, भगवती शरण पांचाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
समिति के इस सौहार्दपूर्ण प्रयास ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि उरई शहर सामाजिक सद्भाव की गंगा बहने वाली धरती है, जहां हर पर्व सबके साथ मिलकर मनाया जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post