कालपी(जालौन)। नगर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब यमुना नदी में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मंगलवार दोपहर कुछ लोगों ने यमुना के किनारे एक महिला का शव पानी में उतराता देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। महिला ने सलवार-सूट पहन रखा था। उसके दोनों पैरों में बिछिया और पायल भी पहनी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह विवाहित हो सकती है। हालांकि अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है तथा गुमशुदगी के मामलों से मिलान कराया जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
फोटो परिचय-लाश की जांच करती पुलिस
Post a Comment