अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, 11 ओवरलोड ट्रक सीज

(कैफ रजा)
कालपी(जालौन)। अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना रॉयल्टी व खनिज प्रपत्रों के मौरंग का परिवहन कर रहे 11 ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर सीज कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

   उपजिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में माइनिंग इंस्पेक्टर, एआरटीओ तथा नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम ने कालपी तहसील क्षेत्र में देर रात से ही चेकिंग अभियान शुरू किया। टीम ने विशेष रूप से जोल्हूपुर मोड़ तथा काशीखेड़ादृइटौरा मार्ग पर वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान ओवरलोड मौरंग लदे और वैध खनिज प्रपत्र प्रस्तुत न कर पाने वाले कुल 11 ट्रकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को संबंधित थाना पुलिस की निगरानी में लेकर गल्ला मंडी कालपी परिसर में खड़ा कराकर सीज कर दिया गया। प्रशासन की इस सख्ती की सूचना मिलते ही अवैध खनन व परिवहन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
  उपजिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध रॉयल्टी या खनिज दस्तावेजों के बालू व मौरंग का परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही राजस्व व परिवहन विभाग की संयुक्त टीमें आगे भी विभिन्न मार्गों पर नियमित रूप से चेकिंग करती रहेंगी।
फोटो परिचय- चेकिंग के दौरान मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post