कालपी(जालौन)। नगर के सबसे व्यस्त टरननगंज चौराहे पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली के खंभे से जुड़ा सपोर्टर तार अचानक टूटकर नीचे लटक गया। घटना पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई, जिससे कुछ देर के लिए बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
दोपहर के समय बाजार में खरीदारी के लिए काफी भीड़ मौजूद थी। अचानक तेज आवाज के साथ सपोर्ट तार ढीला होकर नीचे आ गया। गनीमत रही कि उस समय नीचे कोई राहगीर या वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने तत्काल एहतियातन लोगों को दूर किया और बिजली विभाग को सूचना दी। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि चौराहे पर बिजली के खंभों और तारों की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। समय रहते मरम्मत न होने से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। बिजली विभाग के अवर अभियंता सत्य प्रकाश गौतम ने बताया कि नगर क्षेत्र में अनुरक्षण कार्य जारी है। टरननगंज चौराहे की घटना की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है और मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई। स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में लगे बिजली खंभों और सपोर्ट तारों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
फोटो: टूटा हुआ बिजली खंभे का सपोर्ट तार।
Post a Comment