उरई(जालौन)। विद्युत विभाग की महत्वाकांक्षी बिजली बिल सुधार योजना के तृतीय चरण के समाप्त होने में मात्र दो दिन शेष रह गए हैं। 6 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुआ यह अंतिम चरण 28 फरवरी 2026 को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद विभाग बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कनेक्शन काटने और राजस्व वसूली (आरसी) की कार्यवाही शुरू करेगा।
अधीक्षण अभियंता (एसई) योगेन्द्र सिंह ने बताया कि इस योजना में उपभोक्ताओं को बकाया बिल पर 100 प्रतिशत ब्याज में छूट दी जा रही है, जबकि मूलधन में भी 15 प्रतिशत की राहत प्रदान की जा रही है। विद्युत चोरी के मामलों में राजस्व निर्धारण पर 40 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है।
एसई ने बताया कि योजना समाप्ति के बाद बकायेदारों के खिलाफ स्थायी डिस्कनेक्शन (पीडी) और आरसी की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बकायेदार का विद्युत संयोजन चालू नहीं रहने दिया जाएगा। श्री सिंह ने अधिशासी अभियंताओं जितेन्द्र नाथ एवं महेन्द्र नाथ भारती के साथ बैठक कर अधिकारियों को मॉर्निंग रेड और अन्य कार्रवाइयां तेज करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे शेष दो दिनों में योजना का लाभ उठाकर अपना बिल जमा करा लें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।
इन्सेट-
बिजलीघरों का आकस्मिक निरीक्षण
एसई योगेन्द्र सिंह ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डिवीजन द्वितीय के अंतर्गत आने वाले बिजलीघरों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फीडरों के लोड का आकलन किया और संविदाकर्मियों से आवश्यक जानकारी लेकर व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
फोटो परिचय- बिजलीघर का निरीक्षण करते एसई योगेन्द्र सिंह
Post a Comment