- कुंवारे लड़कों को प्यार के जाल में फंसा कर शादी करती, फिर रुपए, गहने और भरोसा, सब लूटकर फरार हो जाती
- एक साल से पुलिस कर रही थी तलाश, माता-पिता और भाई-बहन पहले ही जेल में हैं
(रामकुमार शर्मा)
गोवर्धन। यूपी, हरियाणा व राजस्थान में शादी रचाने के बाद आभूषण व नकदी लेकर फरार होने वाली गोवर्धन की लुटेरी दुल्हन को राजस्थान के सीकर जिले की पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। वह किराए के मकान में रह रही थी। राजस्थान पुलिस करीब एक वर्ष से उसकी तलाश में जुटी थी। 26 नवंबर 2024 को राजस्थान के सीकर जिले के ताराचंद जाट ने दांतारामगढ़ थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें बताया कि उनकी मुलाकात जयपुर में भगत सिंह से हुई थी। उसने अपनी दो बेटियां काजल कुंतल और तमन्ना कुंतल की शादी का प्रस्ताव दिया उनके बेटों भंवरलाल और शंकरलाल के लिए दिया था। भगत सिंह ने शादी की तैयारियों और अन्य खर्चों के नाम पर 11 लाख रुपये ले लिए। 21 मई 2024 को खाचरियावास के गोविंद अस्पताल के गेस्ट हाउस में भगत सिंह अपनी पत्नी सरोज, बेटे सूरज और दोनों बेटियों काजल और तमन्ना के साथ पहुंचा। वहां धूमधाम से शादी हुई। दो दिन तक भगत सिंह का परिवार साथ रहा। तीसरे दिन अचानक दो दुल्हनें और उनके परिवार के लोग गहने, नकदी और कपड़े लेकर गायब हो गए। राजस्थान पुलिस ने 18 दिसंबर 2024 को लुटेरी दुल्हनों के पिता गोवर्धन के आन्यौर निवासी भगत सिंह और उसकी पत्नी सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ की गई तो पता चला कि यह परिवार संगठित रूप से ठगी का धंधा चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने तमन्ना और सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया। लेकिन काजल फरार चल रही थी।
Post a Comment