भाकियू पंचायत में किसानों की समस्याओं पर उठी आवाज, 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा


कालपी (जालौन)। भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत बुधवार को गल्ला मंडी परिसर में सत्येंद्र सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। पंचायत में क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद भाकियू पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

 भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष अजय पाल सिंह राजू मलथुआ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए क्षेत्र की नहरों का संचालन तत्काल शुरू कराया जाए तथा तालाब और पोखरों को भरवाया जाए, ताकि पशु-पक्षियों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। विद्युत व्यवस्था को अत्यंत खराब बताते हुए कहा कि अघोषित कटौती एवं तकनीकी खराबियों के चलते सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इटौरा पावर हाउस से कहटा फीडर तक की जर्जर विद्युत लाइनों को बदलवाने की मांग भी उठाई गई। भाकियू पदाधिकारियों ने मूंग खरीद को पूरी पारदर्शिता के साथ एमएसपी दर पर कराने की मांग करते हुए कहा कि खरीद प्रक्रिया में व्यापारी एवं दलालों को माध्यम न बनाया जाए। उन्होंने बताया कि गत वर्ष किसानों की मूंग की खरीद नहीं हो सकी थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसके अलावा क्षेत्र की गौशालाओं को व्यवस्थित कराने, छुट्टा पशुओं से मूंग एवं उड़द की फसलों को बचाने तथा लेखपालों द्वारा नाम व हिस्सा सही करने के नाम पर किसानों के कथित शोषण पर रोक लगाने की मांग की। पंचायत के दौरान भाकियू पदाधिकारियों ने बताया कि किसान नेता स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर 15 मई को मेडिकल कॉलेज में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर चंद्रपाल सिंह गुर्जर, जयराम कुशवाहा, महेश, श्याम बाबू पाल, श्रीराम कुशवाहा, केशव अवस्थी, लालाराम, सुरेंद्र पाल, दिनेश प्रसाद, बुद्ध सिंह, नरेंद्र सिंह, कल्लू नेता आदि पदाधिकारी मौजूद रहें।
फोटो परिचय- पंचायत करते भाकियू कार्यकर्ता

Post a Comment

Previous Post Next Post